Wednesday, November 4, 2026
HomePunjabआंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मावां-धीयां सत्कार योजना के पंजीकरण में निभाई अहम भूमिका:...

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मावां-धीयां सत्कार योजना के पंजीकरण में निभाई अहम भूमिका: दलवीर सिंह ढिल्लों

धूरी, 31 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना की पंजीकरण प्रक्रिया में सराहनीय योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए स्थानीय सनातन धर्मशाला, धूरी में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर योजना की पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए मेहनत, लगन और पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना की पंजीकरण प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को मान्यता देते हुए सरकार की ओर से उन्हें विशेष मानदेय दिया जा रहा है, जो दिवाली से पहले सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रदान कर दिया जाएगा।
मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर योजना की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करवाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं की मेहनत के चलते सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने में मदद मिली है। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा के कार्यों में योगदान देने की अपील की।
वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़ ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना समाज की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मावां-धीयां सत्कार योजना महिलाओं के कल्याण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रयास है और इसे लोगों तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे समारोह कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ समाज के प्रति उनके योगदान को मान्यता देने का भी अच्छा अवसर हैं।
नगर कौंसिल धूरी की अध्यक्ष अमरजोत कौर बाजवा ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग से जुड़ी हुई हैं और सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम कड़ी के रूप में काम करती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के पंजीकरण के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा दिखाई गई मेहनत, जिम्मेदारी और समर्पण सराहनीय है। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी सेवाओं और योगदान की सराहना करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कांझला, जगतार सिंह बागड़ी सलेमपुर सहित अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments