अमलोह/फतेहगढ़ साहिब, 4 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार की ओर से ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अमलोह विधानसभा क्षेत्र के नशा प्रभावित हॉटस्पॉट गांव घुटिंड में नशा विरोधी जागरूकता एवं मेडिकल कैंप लगाया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीनियर मेडिकल ऑफिसर, चनारथल कलां, श्री सुरिंदर सिंह ने बताया कि कैंप के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। इसके अलावा, गांववासियों को कोटपा (COTPA) अधिनियम, 2003 के दिशा-निर्देशों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने, तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान और इस अधिनियम का पालन करने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉक्टर स्वर्णजीत सैरी, अवतार सिंह सी.एच.ओ., सुरिंदर सिंह बी.ई.ई., हरमिंदरपाल, हरदीप सिंह, बेअंत कौर, राजविंदर सिंह, बलजीत कौर, सरबजीत कौर और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।






