Thursday, November 5, 2026
HomeHaryana19 व 20 नवंबर को मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर में आयोजित होगा...

19 व 20 नवंबर को मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर में आयोजित होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव:उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

कुरुक्षेत्र, 5 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि युवा प्रतिभाओं को अपनी कला, रचनात्मकता एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा के सौजन्य से 19 व 20 नवंबर को मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर कुरुक्षेत्र में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करेंगे। इस महोत्सव के सफल आयोजन के लिए एसडीएम थानेसर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा वीरवार को न्यू लघु सचिवालय के सभागार इस महोत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहेे थे। इस दौरान उपायुक्त ने महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि युवा महोत्सव की तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं की सुविधा, प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन, मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जाए। युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और रचनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आज के युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं में असीम प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता मौजूद है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने के लिए उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। जिला स्तरीय युवा महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धा की भावना और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है। युवा महोत्सव के दौरान विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग सहित अन्य रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल रहेंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी कला एवं हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे। विशेष रूप से लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस जिला स्तरीय युवा महोत्सव में 15 वर्ष से 29 वर्ष तक की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागियों को 16 नवंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करवाना होगा। उपायुक्त ने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र भाग लें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि युवा महोत्सव का आयोजन बेहतर व्यवस्थाओं और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया जाए, जिससे इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को यादगार अनुभव प्राप्त हो। जिला स्तरीय युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों से जुडऩे का अवसर प्रदान करेगा। इस मौके राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उमरी के प्रिंसिपल विशाल सोढी, रचना गुप्ता, सुमित आहुजा, हरविंद्र राणा, अरुण अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments