कुरुक्षेत्र, 5 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बच्चों को कुपोषण एवं एनीमिया से बचाव के लिए आगामी 12 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग की टीमों की देखरेख में खिलाई जाएंगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा वीरवार को न्यू लघु सचिवालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला के सभी सरकारी स्कूल, गैर सरकारी स्कूल, आईटीआई, सभी आंगनवाड़ी केंद्र सहित सभी मुख्य स्थानों पर बच्चों को यह दवाई नि:शुल्क खिलाई जाएगी। उपायुक्त ने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि बीडीपीओ के माध्यम से गांव में मुनादी करवाई जाए तथा सरपंच की उपस्थिति में सरकारी स्कूलों में यह गोली खिलाई जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी को कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में आ रहे बच्चों को भी गोली खिलवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी विभाग को निर्देश दिए कि इस अभियान के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो कि जिला के सभी स्कूलों की रिपोर्ट एकत्रित करे तथा 100 फीसदी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलवाना सुनिश्चित करे। जो बच्चे 12 नवंबर को एल्बेंडाजोल टेबलेट खाने से वंचित रह जाएंगे। उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा मॉप अप राउंड के जरिए 19 नवंबर को यह टेबलेट खिलाई जाएगी। उप सिविल सर्जन डा. करुणा ढींगड़ा ने कहा कि यह गोली 1 से 19 वर्ष तक का कोई भी नागरिक खा सकता है। यह गोली विशेषकर गर्भवती महिलाएं तथा स्तनपान करवाने वाली महिलाओं को नहीं खानी चाहिए। इस एल्बेंडाजोल टेबलेट के कोई साइड इफेक्ट नहीं है, 1 से 2 साल तक के बच्चों को यह टैबलेट आधी देनी है। जिला में एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाने का यह 20वां राउंड है और हर 6 माह में एक बार यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील भी की है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।






