टोक्यो, 8 नवंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): जापान में भूकंप के लगातार आ रहे झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार देर रात आए 5.7 तीव्रता के भूकंप से कम से कम 22 लोग घायल हो गए, जबकि कई दुकानों और इमारतों के शीशे टूट गए। तेज झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। भूकंप के कारण कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जापान के शिजुओका प्रांत में जमीन से करीब 40 किलोमीटर नीचे था। वहीं, इसके सबसे तेज झटके आइची प्रांत में महसूस किए गए। भूकंप के दौरान इमारतों में कंपन होने से लोगों में दहशत फैल गई और कई स्थानों पर संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आईं।
एक महीने में तीसरा तेज भूकंप
जापान में नवंबर महीने के दौरान यह तीसरा उल्लेखनीय भूकंप बताया जा रहा है। इससे पहले 1 नवंबर को 6.0 तीव्रता और 7 नवंबर को 5.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के चलते स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।
मौसम एजेंसी ने जारी की सतर्कता की सलाह
जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों को अगले एक सप्ताह तक भूकंप की आशंका को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार, विशेष रूप से आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान अपेक्षाकृत तेज झटके आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों को आपातकालीन सामान तैयार रखने, सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
जापान दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां भूकंप की घटनाएं अक्सर होती हैं। देश प्रशांत महासागर के आसपास स्थित भूकंपीय सक्रिय क्षेत्र ‘रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है। यही कारण है कि यहां भूकंप से निपटने के लिए इमारतों के निर्माण और आपदा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाता है।







