चंडीगढ़, 08 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पवित्र पर्व बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर देश-विदेश में रहने वाली समस्त सिख संगत को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस ऐतिहासिक दिवस को न्याय, मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देने वाला पर्व बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में छठे सिख गुरु, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के महान योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्वालियर के किले से 52 राजाओं को रिहा करवाकर पूरी दुनिया को अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होने का संदेश दिया था। उनका यह ऐतिहासिक कार्य मानवता, समानता और दूसरों की स्वतंत्रता के प्रति सम्मान की मिसाल है।
भगवंत मान ने कहा कि बंदी छोड़ दिवस केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि मानव अधिकारों, आपसी भाईचारे और न्याय के मूल्यों को याद करने का अवसर भी है। गुरु साहिब की शिक्षाएं आज भी समाज को सत्य, साहस और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने समस्त संगत से इस पावन अवसर पर गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा समानता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।







