डिगारू (असम), 12 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): असम के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) ने उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर भेजी है। जांच के दौरान हादसे से पहले लोको पायलट द्वारा बनाई गई वीडियो रिकॉर्डिंग की भी पड़ताल की जा रही है। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कोपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेलवे प्रशासन घटना की हर पहलू से जांच कर रहा है। उनके अनुसार, विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाएगी कि ट्रेन के डिब्बे किन परिस्थितियों में पटरी से उतरे और इसके पीछे क्या कारण थे। लोको पायलट की वीडियो रिकॉर्डिंग भी जांच का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद रेल यातायात को फिर से सुचारू कर दिया गया है। पटरी से उतरे पांच डिब्बों में से तीन की मरम्मत कर दी गई है, जबकि बाकी दो डिब्बों की मरम्मत भी गुरुवार रात तक पूरी होने की उम्मीद है। हादसे से प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष रेलगाड़ियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तीन रेलगाड़ियों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। रद्द की गई रेलगाड़ियों में गुवाहाटी-हैबरगांव एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस और न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे। यह ट्रेन स्टेशन पर किसी दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए रोकी जा रही थी। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण इंजन सहित डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी की जान जाने की सूचना नहीं थी। हालांकि, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी थी कि हादसे में चार यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस हादसे से निपटने के लिए रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है। सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। अब रेलवे की उच्चस्तरीय जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और इसमें लोको पायलट की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







