Wednesday, November 18, 2026
HomePatialaएस.एस.आर.-2026 के तहत डी.सी. ने मतदाता सूचियों के संशोधन को लेकर राजनीतिक...

एस.एस.आर.-2026 के तहत डी.सी. ने मतदाता सूचियों के संशोधन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

योग्य नागरिक फॉर्म नंबर 6, 6ए, 7 और 8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, कटवाने या संशोधन करवाने : डिप्टी कमिश्नर
पटियाला, 13 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पटियाला के डिप्टी कमिश्नर श्री हिमांशु जैन ने आज एस.एस.आर.-2026 के तहत मतदाता सूचियों के संशोधन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूचियों के संशोधन की प्रक्रिया और योग्य नागरिकों के मतदाता के रूप में पंजीकरण संबंधी जानकारी साझा की। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अनुप्रिता जौहल और जिला चुनाव तहसीलदार श्री विजय चौधरी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर जिला पटियाला के सभी विधानसभा क्षेत्रों की फोटो सहित ड्राफ्ट मतदाता सूची का एक-एक सेट राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों/प्रतिनिधियों को उपलब्ध करवाया गया। इसके साथ ही फोटो रहित ड्राफ्ट मतदाता सूची की पेन ड्राइव भी दी गई, ताकि राजनीतिक दल सूचियों की जांच कर किसी भी कमी, गलती या आपत्ति के बारे में चुनाव कार्यालय को अवगत करवा सकें।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भर सकते हैं। इसके अलावा एनआरआई मतदाताओं के लिए फॉर्म नंबर 6ए, मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 तथा मतदाता सूची में संशोधन या पता बदलवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने दावे और आपत्तियां संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से या ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINet मोबाइल ऐप के जरिए भी दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे योग्य नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करवाने के लिए लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार पटियाला जिले के 8 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 14,34,888 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7,34,438 पुरुष, 7,00,404 महिलाएं और 46 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में मतदान केंद्रों की संख्या पहले 1861 थी, जो अब बढ़कर 1864 हो गई है।
इस अवसर पर भाजपा, कांग्रेस, बसपा और शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधि मौजूद थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments