पटियाला, 14 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह) : खालसा पंथ के महान शहीद बाबा दीप सिंह जी को उनके शहीदी दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर किरपाल सिंह बडूंगर ने कहा कि बाबा दीप सिंह जी ने अपना शीश हथेली पर रखकर पंथ विरोधी शक्तियों को श्री दरबार साहिब (श्री हरिमंदिर साहिब) के निकट नहीं आने दिया।
प्रो. बडूंगर ने कहा कि खालसा पंथ के लिए गुरुद्वारा साहिबान अर्थात पवित्र गुरुधाम अपने प्राणों से भी अधिक प्रिय हैं। सिख इतिहास इस बात का गवाह है कि खालसा पंथ ने अपने गुरुधामों की रक्षा, सुरक्षा और सेवा-संभाल के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं तथा असहनीय यातनाएं भी झेली हैं।
उन्होंने खालसा पंथ को सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में भी गुरुद्वारा साहिबान की बेअदबी की घटनाएं हो रही हैं। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि छिपी हुई पंथ विरोधी शक्तियां हमारे गुरमत सिद्धांतों और इतिहास को भारी नुकसान पहुंचा रही हैं।
प्रो. बडूंगर ने जोर देते हुए कहा कि सभी पंथक संस्थाओं, सभा-सोसाइटियों और समस्त पंथ के प्रति समर्पित लोगों को जागरूक होना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को पंथ और गुरुद्वारा साहिबान के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अपना फर्ज निभाना चाहिए।







