Wednesday, November 18, 2026
HomePunjabपंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का...

पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

फतेहगढ़ साहिब, 18 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह) : पंजाब स्टेट फूड कमीशन द्वारा नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों से फीडबैक प्राप्त करने और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के लिए आयोग के कार्यालय में एक वार रूम स्थापित किया जा रहा है। इस वार रूम के माध्यम से लाभार्थियों से सीधा संपर्क करके उन्हें पेश आ रही कठिनाइयों के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी और संबंधित विभागों के सहयोग से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

यह जानकारी पंजाब स्टेट फूड कमीशन के सदस्य श्री जसवीर सिंह सेखों ने स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर के कॉन्फ्रेंस रूम में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए दी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और सुचारू ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा लोगों की ओर से प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।

बैठक के दौरान श्री जसवीर सिंह सेखों ने मिड-डे मील और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से दिए जाने वाले भोजन तथा अन्य सामान की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के बाद उन्होंने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बडाली आला सिंह, सरकारी एलिमेंट्री स्कूल बडाली सिंह, आंगनवाड़ी केंद्र बडाली आला सिंह और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चुन्नी कलां का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता, पेयजल और साफ-सफाई आदि का जायजा लिया।

खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों को उपलब्ध करवाए जा रहे भोजन पर संतुष्टि जाहिर की, लेकिन पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के लिए हर हाल में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मिड-डे मील के राशन की समाप्ति तिथि और रसोई की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। मिड-डे मील तैयार करने वाले कर्मचारियों को सिर ढककर रखने और हाथों में दस्ताने पहनने के निर्देश भी दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments