मुंबई, 19 नवंबर 2026 (हर्षप्रीत कौर): अभिनेता आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर रिलीज होते ही इसकी तुलना करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से होने लगी है। इस पर आयुष्मान ने स्पष्ट किया कि दोनों फिल्मों की कहानी और किरदार एक-दूसरे से काफी अलग हैं।
मुंबई में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान ने बताया कि सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनका किरदार प्रेम अपनी पत्नी के परिवार के साथ खड़ा नजर आएगा। वहीं, ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में रॉकी का किरदार इससे बिल्कुल अलग है।
फिल्म की कहानी प्रेम और पूर्वा (शरवरी वाघ) के इर्द-गिर्द घूमती है। पूर्वा अपने परिवार की जिम्मेदारियों के कारण ससुराल जाने के बजाय अपने मायके में रहना चाहती है। ऐसे में प्रेम उसके परिवार के साथ रहने का फैसला करता है।
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान और शरवरी पहली बार साथ नजर आएंगे। राजश्री प्रोडक्शन्स और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







