कुरुक्षेत्र, 19 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, देवीदास पुरा में स्कूल ऑन व्हील्स परियोजना के अंतर्गत संचालित विशेष प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा किया गया। नीतिका भारद्वाज ने विशेष प्रशिक्षण केंद्रों में शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों से बातचीत की। इनमें ऐसे बच्चे शामिल थे, जिन्होंने किसी कारणवश स्कूल छोड़ दिया था, जिनकी पढ़ाई बीच में छूट गई थी तथा जो झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने के कारण नियमित विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे थे।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया और उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा शिक्षा की मुख्यधारा से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। शिक्षा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। शिक्षा के माध्यम से बच्चे अपने जीवन में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं तथा समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने, निरंतर मेहनत करने और अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूल छोड़ चुके एवं वंचित वर्ग के बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।







