उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने लघु सचिवालय के सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
कुरुक्षेत्र, 20 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत ट्रिपल चैकिंग के लिए 30 नवंबर तक एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं के एन्यूमरेशन घर-घर जाकर वितरित किए जाएंगे। इस दौरान प्राप्त होने वाले दावे आपत्तियों को 15 दिसंबर तक हल करने के बाद 22 दिसंबर को फाइनल पब्लिकेशन किया जाएगा। सभी राजनैतिक पार्टियों के बीएलए इन गणना प्रपत्रों को जमा करवाएं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में चुनाव विभाग द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार भी मौजूद रहे। किसी भी जानकारी के लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 01744 – 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में 106333 मतदाताओं को एएसडीडी की श्रेणी में डाला गया है। इनमें से 32229 अनुपस्थित, 37986 स्थानांतरित, 27708 मृत और 5869 डुप्लीकेट और 2471 अन्य शामिल है। पहले से जमा नहीं हुए गणना प्रपत्र को घर-घर जाकर वितरित किया जाएगा। इनके लिए पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों, आरडब्ल्यूए से पूछताछ करके संपर्क नंबर का उपयोग करके उन मतदाताओं का पता लगाएंगे। इसके लिए बीएलए भी अपने क्षेत्र में मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि जो पात्र मतदाता अभी भी उसी पते पर रह रहे हैं, उन्हें भरा और हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र में विवरण जमा करने में मदद करें। पात्र स्वयं या परिवार का सदस्य एन्यूमरेशन फार्म को जमा करवा सकता है। जो मतदाता प्रदेश में किसी अन्य पत्ते पर रह रहे हैं, उन्हें बताएं कि इस प्रक्रिया के लिए उन्हें फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं है। जो पहले फार्म 6 जमा करवा चुके हैं, उन्हें भी विवरण के साथ नया गणना प्रपत्र दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं है।







