हरियाणा, 21 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हरियाणा में सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है। सरस्वती का पुनर्जीवन देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना करतारपुर साहिब का गलियारा खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना होना। ये तीनों घटनाएं भारत के उभरते सौभाग्य और गौरवशाली पुनर्जागरण की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन सरस्वती नदी विलुप्त हुई, उसी दिन से भारत के सौभाग्य का सूर्य अस्त होने की ओर बढ़ना शुरू हो गया था। इसी प्रकार, जिस दिन भगवान श्रीराम का मंदिर ध्वस्त किया गया, वह भी भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव के लिए एक कठिन दौर था। लाखों लोगों के बलिदान और सदियों के लंबे संघर्ष के बाद आज देश ऐसे गौरवशाली दौर में पहुंचा है, जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पुनर्स्थापित हुआ है और भारत का सौभाग्य सूर्य एक बार फिर उदय होकर पूरी दुनिया को अपनी रोशनी से रोशन कर रहा है।
केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को यमुनानगर जिले में आयोजित श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित थे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका और हवन-यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 187 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 16 नए अमृत फार्मेसी केंद्र शामिल हैं, जहां आम लोगों को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों के निर्माण और जगाधरी शहर की पुरानी सीवरेज लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया। इससे पहले उन्होंने पुलिस विभाग के मोबाइल पुलिस बूथ का उद्घाटन किया तथा मेला परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
अपने संबोधन में श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कपाल मोचन तीर्थ को नमन करते हुए कहा कि कपाल मोचन तीर्थ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। तीर्थ यात्रा केवल किसी स्थान तक पहुंचने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और मन में एक नया संकल्प लेने के साथ-साथ सकारात्मक बदलाव का अवसर भी होती है। कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है।
हरियाणा की धरती कृषि, सैनिकों, खिलाड़ियों और आध्यात्मिक चिंतन के लिए भी प्रसिद्ध
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हरियाणा की पहचान पहले कृषि और यहां के सैनिकों तथा वीरों से होती थी, जो सीमाओं पर खड़े होकर सदियों से देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते आए हैं। वर्तमान समय में हरियाणा की पहचान यहां के खिलाड़ियों, पहलवानों और मुक्केबाजों से होती है। इसके साथ ही हरियाणा की धरती प्राचीन काल से ही ऋषियों, साधना, वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन की पवित्र भूमि भी रही है। उन्होंने कपाल मोचन की पौराणिक महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव भी ब्रह्महत्या के दोष से मुक्त होने के लिए कपाल मोचन में आकर स्नान करने पहुंचे थे। यह कथा केवल डुबकी लगाने की प्रेरणा नहीं देती, बल्कि जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है। मनुष्य से जीवन में कार्य करते समय जाने-अनजाने कोई गलती हो सकती है, लेकिन पश्चाताप और आत्मचिंतन के बाद सही दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता हमेशा खुला रहता है।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है। यह पवित्र भूमि हमें माता-पिता, गुरु, देश, समाज और प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों को सही ढंग से निभाने की याद दिलाती है।
भारत की संस्कृति में पूरी दुनिया को परिवार मानने की भावना
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमारे ऋषियों और मुनियों ने वैदिक मान्यताओं के अनुसार प्रकृति, पर्यावरण और इसके प्रत्येक तत्व का सम्मान करने का विधान किया है। यह भारत की धरती है, जहां ‘सर्व खल्विदं ब्रह्म’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश दिया गया। इस धरती पर रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक परिवार की तरह है। भारत की पवित्र भूमि ने कण-कण में शंकर को पूजने की परंपरा विकसित की है। उन्होंने कहा कि इन मान्यताओं का वास्तविक प्रतिफल जीवन में सेवा की भावना अपनाने और गरीबों, समाज में पिछड़े वर्गों, साझा सांस्कृतिक विरासत तथा प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने में है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से मर्यादा की प्रेरणा मिलती है, भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य और विवेक के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्री गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता की सेवा का संकल्प देता है, जबकि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा देता है। कपाल मोचन की विशेषता है कि इन सभी परंपराओं का साझा स्वरूप इस पवित्र धरती पर देखने को मिलता है।
16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत गरीबों की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गरीबों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मुफ्त इलाज के साथ-साथ ओपीडी उपचार के लिए सस्ती दवाइयां उपलब्ध करवाना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। आज देशभर में हजारों जन औषधि केंद्र गरीबों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध करवाने का काम कर रहे हैं।
हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के संकल्प को मिली गति
श्री शेखावत ने कहा कि उन्हें जल शक्ति मंत्री के रूप में कपाल मोचन और इससे जुड़ी मां सरस्वती की धारा को पुनर्जीवित करने के लिए काम करने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल लगातार और नियमित रूप से पहुंचे। उन्हें जल शक्ति मंत्रालय में पांच साल तक काम करने का अवसर मिला और निरंतर प्रयासों से देश के 80 प्रतिशत घरों तक पीने का पानी पहुंचाने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने से पानी के प्रदूषण के कारण होने वाली बीमारियों को रोकने में बड़ी सफलता मिली है।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। भारत के प्रति पूरी दुनिया का नजरिया बदल रहा है। एक ओर भारत आर्थिक रूप से तेजी से तरक्की कर रहा है, वहीं दूसरी ओर रणनीतिक रूप से आत्मनिर्भर होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। तकनीक के क्षेत्र में भी भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विश्व बैंक के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़े स्तर पर आर्थिक बदलाव आया है और 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि देश में आंतरिक शांति का दौर है और भारत आर्थिक रूप से तरक्की कर रहा है। देश के 250 से अधिक जिलों में फैले नक्सलवाद को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और केंद्रीय गृह मंत्री के प्रयासों से समाप्त करने में सफलता मिली है।
2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज हमारे सामने अपनी सभ्यता, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ-साथ देश की विकास गति को और तेज करने की जिम्मेदारी है। वर्ष 2047 तक भारत विकसित हो जाएगा और दुनिया की कोई ताकत अब भारत को विकसित होने से नहीं रोक सकती। लेकिन विकसित भारत के निर्माण में हमने क्या योगदान दिया है, यह आने वाले समय में हमारे लिए मूल्यांकन का विषय होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी जब इस दौर का इतिहास लिखेगी, तो भारत की विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास यात्रा का भी उल्लेख इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन जैसी पवित्र भूमि से हमें जल संरक्षण, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए संकल्पबद्ध होने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को फिर से स्थापित और पुनर्जीवित करके आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, श्रीमती रेणु बाला, मेयर श्रीमती सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल, एससी-एसटी आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री धूमन सिंह किरमच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







