रेवाड़ी, 21 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निपटारे को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। हरियाणा सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। आम जनता को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा शुक्रवार को रेवाड़ी के बाल भवन ऑडिटोरियम में जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मंत्री के समक्ष कुल 13 मामले रखे गए, जिनमें से 9 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। वहीं, 4 शिकायतों के संबंध में अगली बैठक में जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने गांव पीवरा में जमाबंदी के मालिकाना हक में हिस्सेदारों के नाम गलत दर्ज करवाने के मामले में एसडीएम बावल संजीव कुमार की अध्यक्षता में पूरे रिकॉर्ड की जांच करके अगली बैठक में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव कलवाड़ी निवासी अमर सिंह जांगड़ा द्वारा सोसायटी में किए गए कार्य का भुगतान नहीं करने की शिकायत पर जांच में सहयोग न देने के मामले में संबंधित हिस्सेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में राधा कृष्ण सोसायटी सुठानी के निवासियों ने बताया कि पिछली बैठक के आदेशों के बावजूद भी उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिले हैं। इस पर मंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली निगम से जुड़े अन्य मामलों में भी तेजी से कार्रवाई करते हुए उनका निपटारा करने के निर्देश दिए। साथ ही लाइनमैन द्वारा मीटर लगवाने के नाम पर पैसे लेने के मामले में बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत निवारण समिति के सदस्यों को शामिल करके जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में कुछ शिकायतों के मामले अदालत में विचाराधीन पाए गए। शिकायत निवारण समिति की बैठक में कुछ मामले अवैध कब्जों से संबंधित भी थे। मंत्री ने इन मामलों में अधिकारियों को जांच करके समाधान करने के निर्देश दिए।
इस दौरान रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक अनिल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, परिवार पहचान पत्र स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला, नगर परिषद चेयरपर्सन विनिता पीपल, डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







