सिरसा, 22 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के तहत सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित विशाल ‘नशामुक्त हरियाणा’ मैराथन की 5, 10 और 21 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य हरियाणा को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को भी युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने का अधिकार नहीं है। ऐसे लोग नशे का कारोबार छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि अब तक नशा कारोबारियों की करीब 94 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
नशामुक्ति केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों की सराहना
मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों, सिविल अस्पतालों और नशामुक्ति केंद्रों के माध्यम से लाखों युवाओं को नशे से बाहर निकालकर मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं।
स्थानीय महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री को दही खिलाने पर उन्होंने इसे हरियाणा की ‘दूध-दही के खाने’ वाली परंपरा से जोड़ते हुए युवाओं को नशे के बजाय पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को समय देने और गलत संगत में पड़ने पर उनसे दूरी बनाने के बजाय दोस्त बनकर नशे की आदत छुड़ाने में मदद करने की अपील की।
सिरसा के किन्नू को GI टैग मिलने पर किसानों को बधाई
मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को GI टैग मिलने पर किसानों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट का काम भी तेजी से चल रहा है। इस बार बंपर फसल और अच्छे भाव मिलने पर किसानों ने हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के वादे मजाक बनकर रह गए और पांच साल केवल बयानबाजी में निकल गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा रोकने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए गए। वहां डर का माहौल है और शिकायत करने जाने वाले लोगों की शिकायत दर्ज करने के बजाय उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी की, ताकि उसके उम्मीदवार इधर-उधर न हो जाएं या पार्टी छोड़कर न चले जाएं।
सैनी ने कहा कि पंजाब के किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और उद्योगों में कोई कमी नहीं है, बल्कि कमी सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और नीयत में है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग भ्रष्टाचार, नशे और झूठे वादों वाली सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा अहम भूमिका निभाएगा और ग्रोथ इंजन बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब में भी लोगों के सहयोग से डबल इंजन की सरकार बनेगी।