Tuesday, November 24, 2026
HomeHaryanaनशे के खिलाफ हरियाणा के युवाओं ने भरी हुंकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह...

नशे के खिलाफ हरियाणा के युवाओं ने भरी हुंकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कालांवाली में यूथ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

नशे के खिलाफ लड़ाई में परिवार, स्कूल, अस्पताल और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी : मुख्यमंत्री

सिरसा, 22 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प युवाओं को नशे के चंगुल से बचाकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नशे का कारोबार करने वालों के प्रति सरकार की नीति सख्त है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के प्रति संवेदनशीलता से काम किया जा रहा है। नशे के सौदागर या तो अपना धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, प्रदेश में उनके लिए कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में नशामुक्त हरियाणा के संकल्प के साथ आयोजित यूथ मैराथन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने 5 किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों पर फूलों की वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। मैराथन के लिए 18 वर्ष से कम, 18 से 45 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1 लाख 40 हजार से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया। मुख्यमंत्री ने बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी को सामाजिक एकता और स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक बताया।

जीवन की मैराथन में अनुशासन और सही दिशा जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैराथन जीवन का भी एक बड़ा सबक सिखाती है। लंबी दौड़ अनुशासन, धैर्य और सही दिशा बनाए रखने से जीती जाती है। नशे का रास्ता कुछ समय का आकर्षण दिखाकर व्यक्ति को परिवार, सपनों और भविष्य से दूर कर देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे चुके हैं।

उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इससे माता-पिता की उम्मीदें टूटती हैं और परिवार का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और उनके व्यवहार में बदलाव आने पर डांटने के बजाय उनकी बात सुनने की अपील की। स्कूल और कॉलेज भी शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण तथा सही दिशा देने में भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान खेल शक्ति के रूप में भी है। वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में भारत के 85 पदकों में से 32 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़कर मेहनत करने और अपने सपनों को पदकों में बदलने का आह्वान किया।

नशामुक्त हरियाणा के लिए सात संकल्पों पर काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन के दम पर नहीं जीती जा सकती। इसके लिए परिवार, स्कूल, अस्पताल और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार ने ‘संकल्प’ सोसायटी का गठन किया है, जो सात प्रमुख संकल्पों पर काम कर रही है। इनमें नशामुक्त थाना क्षेत्र, तस्करमुक्त जिला, नशीली गोलियों से मुक्त केमिस्ट दुकानें, परिवारों का सहयोग, उपचार सुविधाओं वाले अस्पताल, सुविधायुक्त स्कूल और युवाओं के लिए खेल व सकारात्मक गतिविधियों के बेहतर विकल्प शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि संकल्प सोसायटी की अध्यक्षता वह स्वयं कर रहे हैं। जिला स्तर पर उपायुक्त और ब्लॉक स्तर पर समितियां बनाई गई हैं। इनमें जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पार्षदों, थाना प्रभारियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हरियाणा उदय’ अभियान के तहत नशामुक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाने के लिए 10 से अधिक मैराथन, साइक्लोथॉन के दो संस्करण और राहगीरी कार्यक्रमों सहित 2,484 आयोजनों में 18 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है।

नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सक्रिय किया गया है और पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय स्थापित किया गया है। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के कारोबार से अर्जित 94 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं और 180 संपत्तियों को ध्वस्त किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में नशे की गिरफ्त में आए 1 लाख 58 हजार 830 लोगों की पहचान कर उनका इलाज कराया गया है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों और 13 जिलों के सिविल अस्पतालों में नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। नशा पीड़ितों की सहायता और तस्करी की सूचना देने के लिए टोल फ्री एंटी ड्रग हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 शुरू किया गया है। इसके अलावा, भारत सरकार की मानस हेल्पलाइन 1933 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

सरदार सिंह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह मैराथन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में मौजूद हैं। उन्होंने 22 वर्ष की आयु में वर्ष 2008 में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी संभाली थी और 2014 के एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटे युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे दूसरों के लिए प्रेरणा बनें। सरकार नशे से बाहर निकलने वाले लोगों को हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने युवाओं से तीन संकल्प लेने की अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, अपने दोस्तों को नशे से बचाने में मदद करेंगे और अपने स्वास्थ्य, कौशल तथा जीवन के लक्ष्यों के लिए समय निकालेंगे।

उन्होंने लोगों से नशे का कारोबार करने वालों की सूचना हेल्पलाइन पर देने और नशे की गिरफ्त में आए लोगों से दूरी बनाने के बजाय उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने सभी से संकल्प लेने को कहा कि न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी को नशा करने देंगे।

कार्यक्रम में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान एवं मैराथन के ब्रांड एंबेसडर सरदार सिंह, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह, डबवाली की जिला अध्यक्ष रेणु शर्मा, सिरसा के जिला अध्यक्ष यतींद्र सिंह, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देवकुमार शर्मा, चेयरमैन रामचंद्र कंबोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments