Tuesday, November 24, 2026
HomeHaryanaजिले में 0 से 5 साल तक का कोई भी बच्चा पोलियो...

जिले में 0 से 5 साल तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंदों से वंचित न रहे: सुभाष सुधा

Former Minister Subhash Sudha launches Polio Immunization Campaign in Kurukshetra, urging parents to ensure every child aged 0–5 receives polio drops.

पूर्व राज्य मंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में सब-नेशनल इम्यूनाइजेशन डे अभियान का किया शुभारंभ, बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंदें

कुरुक्षेत्र, 23 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ चलाया जाए, ताकि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा रविवार को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में सब-नेशनल इम्यूनाइजेशन डे अभियान का शुभारंभ करने के बाद बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पोलियो से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे पोलियो उन्मूलन अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाना है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। उन क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, जहां लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में कठिनाइयां आती हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाएं और उन्हें पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो की खुराक बच्चों को भविष्य में शारीरिक विकलांगता के खतरे से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और अभियान के प्रत्येक चरण में बच्चों को पोलियो की बूंदें जरूर पिलाई जाएं।

जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जिससे बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंदें पिलाना आवश्यक है। इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तत्परता से कार्य करेंगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और अपने आसपास के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की बूंदें अवश्य पिलवाएं। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को बरकरार रखा जा सकता है। इस अवसर पर जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह, राज्य मुख्यालय से पहुंचे उप निदेशक डॉ. ओमपाल सैनी, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शैलजा मंगला और डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अंजलि वैद्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments