जी.एस.टी. और आबकारी विभाग के कार्यालयों की औचक जांच; गैर-हाजिर कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के आदेश
संगरूर, 25 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) के संगरूर डिपो में आयोजित विशेष समारोह के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के तहत लाने की ऐतिहासिक प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने इस जनहितैषी फैसले के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों को सुरक्षित भविष्य, मान-सम्मान और बेहतर सेवा शर्तें उपलब्ध करवाने के लिए दृढ़ता से काम कर रही है।
समारोह के दौरान पीआरटीसी के 1719 कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के तहत लाने की प्रक्रिया के तहत विभिन्न डिपो के 104 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए एक ऐतिहासिक कानून बनाया है। इस कानून के तहत निर्धारित 90 दिनों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के तहत लाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा योग्य कर्मचारियों के नियुक्ति पत्र तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक कर्मचारी के सेवा रिकॉर्ड की जांच, मेडिकल परीक्षण और पुलिस वेरिफिकेशन सहित सभी आवश्यक विभागीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उन्हें कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुसार संपन्न की जाएगी।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पिछली सरकारों ने इन कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया, जिसके कारण उन्हें अपने अधिकारों के लिए बार-बार धरने और हड़तालें करनी पड़ती थीं। इसके विपरीत, मौजूदा पंजाब सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस और कानूनी व्यवस्था की है। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी ड्यूटी पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने की अपील भी की।
सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में वित्त मंत्री ने बताया कि उन्होंने आज जीएसटी और आबकारी विभाग, संगरूर के कार्यालयों की औचक जांच की। इस दौरान कई कर्मचारी ड्यूटी से गैर-हाजिर पाए गए। उन्होंने बताया कि कार्यालयों के हाजिरी रजिस्टर अपने कब्जे में लेकर गैर-हाजिर कर्मचारियों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही, कोताही और बिना अनुमति गैर-हाजिरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी लोगों को समय पर, पारदर्शी और बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इस कर्तव्य को निभाने में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर पीआरटीसी की एमडी जशनप्रीत कौर गिल, जीएम संगरूर मनिंदरपाल सिंह सिद्धू, वित्त मंत्री के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अलग-अलग पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।







