30 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं, बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर में घने कोहरे का येलो अलर्ट
शिमला, 25 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के मौसम के बीच मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। एक ओर ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर दिन के समय शिमला सहित कई पहाड़ी इलाकों में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 30 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का इंतजार अभी और बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, प्रदेश में दिन के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऊना में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला में पारा 24 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। भुंतर में तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। वहीं, केलांग में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से लगभग 11 डिग्री अधिक है।
दिन में बढ़ती गर्मी के विपरीत, जनजातीय क्षेत्रों में रातें बेहद ठंडी हो रही हैं। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में पारा माइनस 3.7 और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री तक गिर गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री, कांगड़ा में 6 से 7 डिग्री तथा भुंतर और मंडी में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गिरेगा दिन का तापमान
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, आने वाले दिनों में कल्पा, केलांग, भुंतर और शिमला के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक रह सकता है। हालांकि, 27 और 28 नवंबर के बाद चंबा, किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
तीन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास, मंडी की बल्ह घाटी और हमीरपुर के सुजानपुर क्षेत्र में कोहरे का प्रभाव अधिक रहने की आशंका है। इन स्थानों पर दृश्यता घटकर 100 से 200 मीटर तक रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम होने की संभावना है। विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
सामान्य से 79 फीसदी कम बारिश, सूखे जैसे हालात की चिंता
प्रदेश में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण वर्षा का आंकड़ा सामान्य से 79 फीसदी नीचे पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक संदीप के अनुसार, नवंबर में प्रदेश के लगभग सभी जिलों में या तो बारिश नहीं हुई है या बहुत कम वर्षा दर्ज की गई है। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में नवंबर 2021, 2024 और 2025 में भी ऐसी ही स्थिति रही थी। वर्ष 2025 में नवंबर के दौरान सामान्य से करीब 95 फीसदी कम बारिश हुई थी, जबकि 2021 और 2024 में भी वर्षा लगभग न के बराबर रही थी।
फिलहाल 30 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में वर्षा की कमी का आंकड़ा और बढ़ सकता है। मौसम के इस बदले मिजाज ने प्रदेश में दिन की गर्मी, रात की कड़ाके की ठंड और लंबे समय से बारिश-बर्फबारी का इंतजार—तीनों स्थितियों को एक साथ ला खड़ा किया है।







