हरियाणा, 25 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक एवं निवेश मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर, 2026 तक यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल प्रमुख वैश्विक कंपनियों, निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, शोध एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेगा। प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में इससे पहले भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान, सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर चुका है। इन दौरों के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश, औद्योगिक सहयोग और साझेदारी को लेकर समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं तथा लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के महत्वपूर्ण निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इसी कड़ी में अब प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर जा रहा है।
व्यापार, निवेश, शिक्षा, AI और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर रहेगा फोकस
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि यूके दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न बिजनेस लीडर्स, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेगा। इसके अलावा, सीआईआई के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी हरियाणा में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री हरियाणा मूल के प्रवासी भारतीयों के साथ भी संवाद करेंगे और उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ने तथा हरियाणा में निवेश के माध्यम से राज्य की आर्थिक प्रगति में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित करेंगे।
उन्होंने बताया कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री विभिन्न प्रमुख उद्योगों, कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ आमने-सामने बैठकें करेंगे। इसके साथ ही भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के तहत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार और निवेश की संभावनाओं को लेकर विशेष गोलमेज बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा होगी तथा विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री यूके के सांसदों और अन्य प्रमुख प्रतिनिधियों को हरियाणा आने तथा अप्रैल 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।
मुख्यमंत्री इस दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज के सेंटर फॉर साइंस एंड पॉलिसी के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड में पढ़ रहे भारतीय विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों, विचारों और हरियाणा के विकास में उनकी संभावित भूमिका पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री क्वीन एलिजाबेथ स्कूल, बार्नेट का भी दौरा करेंगे, जहां शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और हरियाणा में शैक्षणिक परिसर स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विश्व मंच पर गूंजेगा गीता का संदेश
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से शामिल होंगे। इस अवसर पर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के महत्व को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक संदेश—कर्म, कर्तव्य और मानव कल्याण—को दुनिया भर में प्रसारित करने तथा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जर्मनी में हरियाणा का स्टेट रोड-शो, निवेशकों और प्रमुख कंपनियों के साथ होंगी मैराथन बैठकें
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि जर्मनी दौरे के दौरान 2 दिसंबर को हरियाणा स्टेट रोड-शो आयोजित किया जाएगा। इस रोड-शो के माध्यम से हरियाणा के मजबूत औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और निवेश की व्यापक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को हरियाणा सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न कंपनियों और निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने तथा औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी के प्रतिष्ठित शोध एवं प्रौद्योगिकी संस्थान फ्राउनहोफर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में हरियाणा में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा होगी। इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रस्तावित केंद्र में माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा भंडारण जैसे अत्याधुनिक एवं रणनीतिक महत्व वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे हरियाणा में शोध, नवाचार, तकनीकी विकास और उद्योगों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इसी प्रकार, 4 और 5 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी की विभिन्न प्रमुख कंपनियों, उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों के साथ आमने-सामने बैठकें करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से हरियाणा में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी।







