बेरोजगारी दर 4.9% पहुंची, युवाओं में आंकड़ा 11.3%; नर्सिंग, निर्माण और तकनीकी क्षेत्रों में कामगारों की मांग बरकरार
कैनबरा, 26 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ऑस्ट्रेलिया के रोजगार बाजार में विरोधाभासी स्थिति सामने आई है। एक ओर बेरोजगारी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर कई अहम क्षेत्रों में कुशल कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी विभाग के अनुसार, अक्टूबर 2026 में बेरोजगारी दर बढ़कर 4.9 प्रतिशत हो गई, जो अक्टूबर 2021 के बाद सबसे अधिक है। देश में बेरोजगारों की संख्या 7,53,700 तक पहुंच गई, जबकि युवाओं में बेरोजगारी दर 11.3 प्रतिशत दर्ज की गई।
दूसरी ओर, जॉब्स एंड स्किल्स ऑस्ट्रेलिया की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 279 व्यवसायों में कर्मचारियों की कमी है। इनमें नर्स, इलेक्ट्रीशियन, इंजीनियर, शिक्षक और निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञ प्रमुख हैं। इसकी बड़ी वजह बेरोजगारों के पास संबंधित काम के लिए जरूरी कौशल, अनुभव और पेशेवर लाइसेंस का अभाव है।
विपक्षी नेता एंगस टेलर ने कहा कि सरकार के सामने चुनौती केवल रोजगार पैदा करने की नहीं, बल्कि स्थानीय बेरोजगारों को जरूरी प्रशिक्षण और कौशल उपलब्ध कराने की भी है। उन्होंने लेबर सरकार से विदेशी कामगारों पर निर्भरता बढ़ाने के बजाय घरेलू स्तर पर इस समस्या का समाधान करने की मांग की।







