डिप्टी कमिश्नर ने योजना पर काम शुरू करने के दिए निर्देश
फूड ऑपरेटर्स कराएं एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन
मिलावटखोरों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : डॉ. हिमांशु अग्रवाल
पटियाला,11 मई, 2026 : पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल की अध्यक्षता में फूड सेफ्टी विभाग की जिला स्तरीय एडवाइजरी कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटियाला में फूड टूरिज्म को विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
डिप्टी कमिश्नर ने फूड सेफ्टी विभाग को नगर निगम अधिकारियों के साथ समन्वय कर इस योजना पर काम शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने फूड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑपरेटर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने फूड सेफ्टी टीम को शहर में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की लगातार जांच करने तथा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल हो रहे पानी की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को दूषित पानी से बचाया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने फूड सेफ्टी विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को और प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं के रजिस्ट्रेशन में जिला स्वास्थ्य विभाग का पूरा सहयोग करने के लिए कहा।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के उत्पादन और बिक्री करने वाली इकाइयों की नियमित जांच और फूड सैंपलिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों के आपसी तालमेल से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
बैठक के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी गुरप्रीत कौर ने बताया कि फूड सेफ्टी विभाग द्वारा “ईट राइट कैंपस”,“ईट राइट स्कूल” और “ईट राइट स्टेशन” कार्यक्रमों के तहत स्कूलों, कैंपों और सरकारी संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि “फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स” अभियान के तहत 168 सैंपलों की जांच की गई तथा 7 जागरूकता कैंप लगाए गए।
इस मौके पर स्वास्थ्य अधिकारी गौरव कुमार, तरुण बांसल, जिला शिक्षा अधिकारी शालू महिरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।