पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, रोजगार और राजस्व में होगा इजाफा
आधुनिक होटल का होगा निर्माण, छत पर बनेगा अत्याधुनिक हेलिपैड
चंडीगढ़, 4 जुलाई,2026 : हरियाणा को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में पिंजौर स्थित ऐतिहासिक यादविंद्रा गार्डन तथा मोरनी हिल्स के सुंदर टिक्करताल को आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत दोनों प्रमुख पर्यटन स्थलों के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण पर लगभग 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इस पहल से हरियाणा में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वेड इन इंडिया’ विजन के अनुरूप यादविंद्रा गार्डन के निकट आधुनिक सुविधाओं से युक्त “वन स्टॉप डेस्टिनेशन फॉर वेडिंग” विकसित करने के निर्देश दिए। यहां कन्वेंशन सेंटर, प्रदर्शनी केंद्र (एग्जीबिशन सेंटर) सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पर्यटन विभाग को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।
इसके अलावा, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत एक भव्य होटल का निर्माण किया जाएगा, जिसकी छत पर अत्याधुनिक हेलिपैड बनाया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सीधे हवाई मार्ग से यहां पहुंच सकें।
टिक्करताल में एडवेंचर पार्क, बोटिंग और हॉन्टेड हाउस सहित कई आकर्षण विकसित होंगे
विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि विकास कार्यों के दौरान यादविंद्रा गार्डन की ऐतिहासिक एवं पारंपरिक विरासत को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। इसके मूल स्वरूप से बिना छेड़छाड़ किए यहां आधुनिक संगीतमय फव्वारे, आकर्षक बटरफ्लाई पार्क तथा एक सुंदर एक्वेरियम विकसित किया जाएगा। साथ ही रात्रिकालीन आकर्षण बढ़ाने के लिए विशेष लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मोरनी के निकट स्थित टिक्करताल को एडवेंचर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए वहां पहले से मौजूद सुविधाओं का व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा। यहां एडवेंचर पार्क, बोटिंग, हॉन्टेड हाउस सहित अन्य पर्यटन आकर्षणों का भी विकास किया जाएगा, जिससे यह स्थल पर्यटकों के लिए रोमांचक और यादगार अनुभव प्रदान करेगा।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।






