उत्तराखंड घूमने जा रहे थे सभी युवक, तेज रफ्तार कार खड़े डीसीएम ट्रक से टकराई; चालक को झपकी आने की आशंका
रामपुर, 12 जुलाई, 2026 : उत्तर प्रदेश के रामपुर में रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में नोएडा की एक आईटी कंपनी के मालिक समेत चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक उत्तराखंड घूमने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही इको कार सड़क किनारे खड़े एक डीसीएम ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद सामने आए एक वीडियो में एक गंभीर रूप से घायल युवक खून से लथपथ हालत में कार के भीतर फंसा दिखाई दे रहा है और मदद की गुहार लगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से कार को काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया तथा उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी अभिषेक अग्निहोत्री (30), नीरज (24), गुलबुद्दीन उर्फ सोनू (35) तथा बागपत निवासी कार्तिक (24) के रूप में हुई है। अभिषेक अग्निहोत्री नोएडा में ‘इंडियन शॉप’ नाम से एक आईटी कंपनी संचालित करते थे।
हादसे में जतिन, कमल और अभिषेक के भाई विशाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को पहले रामपुर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें मेरठ रेफर किया गया। हालांकि, परिजन बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






