Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabपंजाब सरकार की अनूठी पहल, गांव-गांव पहुंच रहा श्री गुरु रविदास जी...

पंजाब सरकार की अनूठी पहल, गांव-गांव पहुंच रहा श्री गुरु रविदास जी का संदेश

फतेहगढ़ साहिब/अमलोह, 25 जुलाई,2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुरू किए गए राज्य स्तरीय जनजागरूकता अभियान के तहत एलईडी वैन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गुरु जी के जीवन और संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को एलईडी वैन ने अमलोह ब्लॉक के गांव तंदाबद्धा खुर्द और कोटली तथा सरहिंद ब्लॉक के गांव जखवाली और जागो चनारथल का दौरा किया।

इस दौरान ग्रामीणों को श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी वाणी और समाज सुधार से जुड़े विचारों पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। लगभग आधे घंटे की इस फिल्म में मानवता, समानता, सामाजिक न्याय, सेवा, भाईचारे और सौहार्द जैसे मूल्यों को सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

प्रशासन के अनुसार 26 जुलाई को यह जागरूकता अभियान आगे बढ़ाते हुए सरहिंद ब्लॉक के गांव पोला और बहलोलपुर तथा अमलोह ब्लॉक के गांव शेरगढ़ और कंजारी में भी डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक गुरु जी की शिक्षाएं पहुंच सकें।

डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को गुरु रविदास जी के आदर्शों और समाज में समानता तथा मानवाधिकारों के महत्व को समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु जी का संदेश आज भी सामाजिक सद्भाव, आपसी सम्मान और भाईचारे को मजबूत करने के लिए उतना ही प्रासंगिक है जितना सदियों पहले था।

पंजाब सरकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज में समानता, सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता को और अधिक मजबूत करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments