पटियाला, 25 जुलाई:2026 : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शनिवार को पटियाला देहात के विकास नगर (सिओणा चौक के निकट) में नए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन करते हुए बताया कि राज्यभर में 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही पंजाब में इन क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है।
इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में योग्य एमबीबीएस डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य आवश्यक कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यहां आने वाले मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, दवाइयां और विभिन्न डायग्नोस्टिक टेस्ट सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं 100 प्रतिशत नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।






