फ्रांस, 27 जुलाई 2026 (शहीद-ए-आजम): फ्रांस के प्रमुख वाइन क्षेत्र और पड़ोसी देश स्पेन में बेकाबू जंगल की आग ने गंभीर संकट पैदा कर दिया है। आग के चलते दोनों देशों में करीब 3 लाख लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस में लगभग 2.20 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। आग अब बोर्डो शहर के मुख्य प्रवेश मार्गों से करीब 15 किलोमीटर की दूरी तक पहुंच गई है। अटलांटिक तट के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कैप फेरेट प्रायद्वीप से फैली इस आग को नियंत्रित करने के लिए दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी रातभर मार्चेप्राइम और सेस्टास जैसे इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को बाहर निकाल रहे हैं। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नूनेज ने स्थिति को अभूतपूर्व और बेहद गंभीर बताया है।
स्पेन में भी जंगल की आग ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। यहां 75 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 30 हजार लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सबसे अधिक प्रभावित मध्य प्रांतों, जिसमें एविला भी शामिल है, का दौरा किया।
स्पेन की पर्यावरण मंत्री सारा आगेसन के अनुसार, केवल एविला क्षेत्र में ही करीब 50 हजार हेक्टेयर (1,23,500 एकड़) भूमि जल चुकी है। इसे स्पेन के हालिया इतिहास की सबसे बड़ी जंगल की आगों में से एक बताया जा रहा है। इसके अलावा कास्टेलोन प्रांत में लगी एक अन्य आग ने 4,300 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है और सिएरा डे एस्पाडान नेशनल पार्क के जंगलों के लिए खतरा बन गई है।
खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। स्थिति से निपटने के लिए यूरोपीय संघ के सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म के तहत अंतरराष्ट्रीय मदद जुटाई जा रही है। ग्रीस और इटली ने दो-दो कैनेडायर फायरफाइटिंग विमान भेजे हैं, जबकि पुर्तगाल ने 100 से अधिक सैनिक और राहत उपकरण भेजे हैं। तुर्की से भी अग्निशमन विमान पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सिविल प्रोटेक्शन इमरजेंसी घोषित करते हुए राहत सहायता जारी करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जनवरी से अब तक स्पेन में 1.50 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि जंगल की आग में नष्ट हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब छह गुना अधिक है।






