चंडीगढ़ 29 जुलाई,2026 (अमनदीप सरां): पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को नई गति दे दी है। पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका प्रभारियों की नियुक्ति शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि जिन सीटों पर मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठे हैं, वहां संगठनात्मक बदलाव के जरिए चुनावी समीकरण मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की हालिया बैठक में पंजाब के राजनीतिक हालात और उम्मीदवारों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद राज्य में संगठन को और सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से मिले फीडबैक का विश्लेषण कर रही है, जिसके आधार पर उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छह-छह सेक्टर प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। इनकी जिम्मेदारी सरकार की योजनाओं और पार्टी के कामकाज को लेकर जनता की राय जुटाना है। यह फीडबैक सीधे संगठन और स्थानीय नेतृत्व तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि समय रहते जरूरी बदलाव किए जा सकें।
हाल ही में बठिंडा ग्रामीण में पूर्व पीसीएस अधिकारी गोपाल सिंह को हलका प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पट्टी, फतेहगढ़ चूड़ियां और जालंधर दक्षिण सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में भी नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने कांग्रेस, भाजपा और बसपा के कब्जे वाली कई सीटों पर भी संगठन को मजबूत करने के लिए नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आम आदमी पार्टी अधिकांश मौजूदा विधायकों पर भरोसा बरकरार रख सकती है, लेकिन जिन क्षेत्रों में प्रदर्शन या संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर असंतोष है, वहां नए चेहरों को मौका देने की तैयारी भी चल रही है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कार्यकर्ताओं की मेहनत और राज्य सरकार की उपलब्धियां ही 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होंगी।






