मोरिंडा, 29 जुलाई,2026 (गुरप्रीत कौर): मोरिंडा से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां पंजाब रोडवेज की बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और राहत टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया। हादसे में बस और कार दोनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंजाब रोडवेज की यह बस चंडीगढ़ से लुधियाना जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






