Thursday, August 27, 2026
HomePatialaपंजाब के सनौर में शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस कार्यक्रम में...

पंजाब के सनौर में शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए: सैनी

पटियाला/हरियाणा, 1अगस्त,2026 (संजीप शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि पिछली विधानसभा चुनावों में किए गए 56 वादों में से कितने पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगली विधानसभा चुनावों में करीब चार महीने ही बचे हैं, ऐसे में क्या सरकार सभी घोषणाएं पूरी कर पाएगी।

नायब सैनी पंजाब के सनौर में शहीद ऊधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार ही युवाओं के विकास को लेकर ऊधम सिंह के सपनों को पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि केवल नारों से नहीं, बल्कि नीयत से राज्य का विकास होता है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे युवाओं के साथ बड़ा धोखा बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को जनता को बताना चाहिए कि चुनावी वादों में से कितने पूरे किए गए हैं।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 70 को डेढ़ साल में पूरा किया जा चुका है और बाकी संकल्प भी जल्द पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने सनौर को राष्ट्रभक्ति की धरती बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र केवल एक कस्बा नहीं, बल्कि बलिदान और देशभक्ति की प्रेरणा देने वाली भूमि है। उन्होंने शहीद ऊधम सिंह के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के दोषी माइकल ओ’डायर के खिलाफ वर्षों तक संकल्प निभाया और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रनीत कौर, आयोजक हरदीप सिंह कंबोज, बाबा ब्रह्म दास जी महाराज, स्वामी राजेश्वरानंद महाराज, संत महेश मुनि जी महाराज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments