पटियाला , 1 अगस्त,2026 (बलजीत सरना): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महान स्वतंत्रता सेनानी और अदम्य साहस के प्रतीक शहीद ऊधम सिंह जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास संत कबीर कुटीर में शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का अद्वितीय साहस, अटूट देशभक्ति और मातृभूमि के सम्मान के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज एक अमर अध्याय है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि राष्ट्र हमेशा उनकी वीरता, समर्पण और महान त्याग का ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड के न्याय के लिए शहीद ऊधम सिंह ने जिस संकल्प और धैर्य का परिचय दिया, वह अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को हमेशा देशभक्ति, त्याग और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे ऐसे महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश व प्रदेश की प्रगति में योगदान दें।






