पटियाला, 3 अगस्त (बलजीत सरना): पी.आर.टी.सी और पनबस के कच्चे कर्मचारियों की घोषित हड़ताल के तहत आज पटियाला के नए बस स्टैंड स्थित डिपो के बाहर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेता सहज सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बने चार साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
सहज सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही कच्चे कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा तथा आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर भी देखने को मिला। पटियाला के नए बस स्टैंड पर बसों की कमी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई रूटों पर बसें कम चलने के कारण लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कुछ बसों में यात्रियों को दरवाजों से लटककर सफर करते हुए भी देखा गया।
यात्रियों ने सरकार से जल्द इस मामले का समाधान करने की मांग की, ताकि परिवहन सेवाएं दोबारा सुचारू रूप से संचालित हो सकें।






