3 अगस्त,2026 (राजेश कुमार) : मणिपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में अफीम और ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, चुराचांदपुर जिले में 43 वर्षीय सीखोगिन मेट को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। संगाईकोट सब-डिवीजन के टी. खुआंखाई गांव स्थित उसके मकान की तलाशी के दौरान 13.2 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
एक अन्य कार्रवाई में सेनापति जिले के टी. खुल्लेन चेक पोस्ट पर तलाशी अभियान के दौरान असम के डिब्रूगढ़ निवासी 50 वर्षीय अरुण दत्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से आठ साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।






