समाना, 5 अगस्त,2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष डॉक्यूमेंट्री अभियान के तहत पटियाला जिले के विभिन्न गांवों में एल.ई.डी स्क्रीन के माध्यम से 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। समाना ब्लॉक के गांव बरस और ब्राह्मण माजरा में बड़ी संख्या में लोगों ने इस डॉक्यूमेंट्री का लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में तैयार की गई इस डॉक्यूमेंट्री का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन तथा समानता, सामाजिक न्याय, ईश्वर भक्ति और सर्वधर्म सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के प्रत्येक गांव में यह डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी गुरु साहिब की शिक्षाओं से परिचित हो सके।
डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद ग्रामीणों ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह श्री गुरु रविदास जी महाराज को सच्ची श्रद्धांजलि है। ग्रामीणों ने कहा कि गुरु साहिब का समानता, भाईचारे और भेदभाव रहित समाज का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है तथा इस प्रकार की पहलें नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर गांवों के पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक हस्तियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






