5 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): बृजलाल जिंदल डी.ए.वी.पब्लिक स्कूल, जाखल मंडी द्वारा हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवं शिक्षा विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत मेगा पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 30 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विद्यालय परिसर एवं आसपास के सामुदायिक क्षेत्रों में पौधारोपण किया जाएगा।
प्राचार्या कविता शर्मा द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकारी नर्सरी, चांदपुरा, हरियाणा से 100 पौधे उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया गया। इन पौधों में स्थानीय, छायादार एवं फलदार प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई।

विद्यालय की प्राचार्या कविता शर्मा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह अभियान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। प्राचार्या ने क्षेत्रवासियों से भी पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अभिभावक-अध्यापक बैठक के अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों के लिए ठंडे-मीठे पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सेवा भाव से सभी को शीतल पेयजल वितरित किया। भीषण गर्मी के बीच विद्यालय द्वारा की गई इस पहल की अभिभावकों ने सराहना की। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में भाग लेकर सेवा, सहयोग एवं मानवता का संदेश दिया। प्राचार्या ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
अध्यापक-अभिभावक बैठक में अभिभावक अपने बच्चों सहित उत्साहपूर्वक पहुंचे। बैठक के दौरान अभिभावकों ने शिक्षकों से अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहार एवं सर्वांगीण विकास के संबंध में विस्तृत चर्चा की। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं सुधार के क्षेत्रों से अभिभावकों को अवगत करवाया।
इस अवसर पर विद्यालय में सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।






