6 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आशंका जताई है कि केंद्र सरकार भविष्य में पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण 50% से अधिक बढ़ा सकती है, जिससे आज खरीदी जा रही नई ई20 गाड़ियां भी कुछ समय बाद खराब हो जाएंगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अभी नई पेट्रोल-डीजल गाड़ियां न खरीदें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर केजरीवाल ने इस बारे मे बता कर दावा किया कि E20 पेट्रोल लागू होने के बाद सरकार भविष्य में पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा और बढ़ाने की योजना बना सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आने वाले समय में पेट्रोल में 50 प्रतिशत से अधिक इथेनॉल मिलाने की तैयारी हो सकती है। उन्होंने यह दावा किया कि यदि भविष्य में E50 जैसे ईंधन मानक लागू किए जाते हैं, तो मौजूदा नए वाहन भी प्रभावित हो सकते हैं।
E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत सामान्य पेट्रोल का मिश्रण होता है। सरकार का उद्देश्य इथेनॉल मिश्रण बढ़ाकर पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करना और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देना है। केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल में भी इथेनॉल मिलाने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार विमान ईंधन में बदलाव से सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े हो सकते हैं।
इससे पहले केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर E20 पेट्रोल व्यवस्था पर चिंता जताई थी। उन्होंने मांग की थी कि पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के लिए सामान्य पेट्रोल और ई 20 ईंधन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएं तथा इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की कीमत कम की जाए।






