7 अगस्त,2026 (अमनदीप सभरवाल): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर देहाती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 किलो 28 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घरिंडा थाना क्षेत्र की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस बरामद हेरोइन के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह खेप किन इलाकों में पहुंचाई जानी थी। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों ने कहा कि पंजाब में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान राज्य में नशा मुक्त वातावरण बनाने और युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास नशा तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि इस अवैध नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।






