कपूरथला 9 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): काला संघियां के मुख्य बाजार में देर रात कपड़ा कारोबारी की दुकान और उसके ऊपर बने घर पर बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। राहत की बात रही कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली दुकान के शटर को पार करते हुए शीशे से जा टकराई, जिससे दुकान का शीशा टूट गया। वारदात की पूरी घटना सी.सी.टी.वी. कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में तैनात चौकीदारों ने कारोबारी और उसके परिवार को जगाया तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर कई खोल बरामद किए और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग करने वालों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।






