Wednesday, August 26, 2026
HomeNationalकेन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पुदुचेरी पुलिस...

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पुदुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया

9 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पुदुचेरी  पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया। इस अवसर पर पुदुचेरी  के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि पुदुचेरी दक्षिण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। आज पुदुचेरी पुलिस देश के उन पुलिस बलों में शामिल हो गया है जिन्हें राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया गया है। पुदुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स मिलना इस बल की बहादुरी, कड़ी मेहनत औऱ समर्पण का प्रमाण है।

श्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति कलर्स मिलना किसी भी पुलिस बल के लिए सबसे गौरवपूर्ण क्षण होता है। पुदुचेरी पुलिस पुदुचेरी की रक्षा, आतंरिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करने का काम कर रही है। पुदुचेरी पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान उसकी कड़ी मेहनत, शौर्य, सेवा और समर्पण के कारण मिला है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि लंबे फ्रांसीसी शासन के अधीन रहने के बावजूद पुदुचेरी ने अपनी भारतीयता और आध्यात्मिक ऊर्जा को संभालकर रखा है। 01 अक्टूबर, 1963 को पुदुचेरी में पुलिस महानिदेशक के पद का सृजन हुआ और तब से लेकर आज तक पुदुचेरी पुलिस ने सीमांत क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने अंग्रेज़ों द्वारा बनाई गई दंड सहिंताओं को बदलकर तीन नई न्याय संहिताओं को लागू किया है। उन्होंने कहा कि ये न्याय संहिताएं दंड आधारित नहीं हैं बल्कि इनका उद्देश्य तकनीक सक्षम औऱ समयबद्ध तरीके से नागरिकों को न्याय दिलाना है। नवीन न्याय संहिताएं Technology, Timeline, और Trust के तीन स्तंभों पर खड़ी की गई हैं।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने विगत 12 साल में केन्द्रशासित प्रदेशों को मज़बूत करने की दिशा में कई प्रयास किए हैं। पुदुचेरी को मज़बूत करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा पुदुचेरी की जनता के लिए कई विकास के काम किए गए हैं। 2200 करोड़ रूपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 332-ए को चार लेन बनाने का काम किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार द्वारा यहां लगभग 3400 मीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े विस्तारित रन-वे का भी निर्माण किया गया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि 1950 से लेकर 2014 तक भारत सरकार की ओर से पुदुचेरी को सिर्फ 3500 करोड़ रूपए विकास के कामों के लिए दिए गए थे। मोदी सरकार ने 2014 से 2026 तक 13,762 करोड़ रूपए पुदुचेरी के विकास के लिए दिए हैं, जो लगभग 4 गुना अधिक है। भारत सरकार ने पुदुचेरी में पिछले 9 वर्षों में 39,000 करोड़ रूपए का औद्योगिक निवेश कराने का काम भी किया है। लखपति दीदी, जलजीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, शौचालय निर्माण, मुफ्त अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और डीबीटी से पुदुचेरी के नागरिक लाभान्वित हुए हैं। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार पुदुचेरी  के विकास के लिए कटिबद्ध और 24 घंटे तत्पर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments