9 अगस्त,2026 (विशाल गुप्ता): अश्मिता चालिहा एक शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। अश्मिता चालिहा ने कोरियाई मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार बी.डब्ल्यू.एफ वर्ल्ड टूर के महिला सिंगल्स फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में अश्मिता ने अपनी हमवतन रक्षिता रामराज को 21-13, 16-21, 21-13 से मात दी।
26 वर्षीय अश्मिता ने घुटने की चोट के कारण करीब तीन महीने कोर्ट से दूर रहने के बाद जोरदार वापसी की है। 48 मिनट चले मुकाबले में उन्होंने निर्णायक गेम में शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और 9-1 की बढ़त हासिल कर ली। रक्षिता ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अश्मिता ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब फाइनल में अश्मिता का सामना चीन की हान कियानक्सी से होगा। भारतीय बैडमिंटन के लिए यह सीजन का लगातार दूसरा BWF फाइनल है। इससे पहले पिछले सप्ताह तनवी शर्मा ने ताइपे ओपन का खिताब अपने नाम किया था।






