संगरूर, 11 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब सरकार के खेल विभाग द्वारा सितंबर महीने में “खेडां वतन पंजाब दियां 2026-27” ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जा रही हैं। “खेडां वतन पंजाब दियां 2026-27” की तैयारियों के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सुचारू ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से जिला खेल अधिकारी संगरूर श्री नवदीप सिंह द्वारा जिला स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है। इसमें श्री जगराज़ सिंह, क्लर्क-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। समिति में श्री मनप्रीत सिंह, नर्सरी सुपरवाइजर; श्री अमनदीप सिंह, फुटबॉल कोच; श्री प्रशांत कौशिक, बैडमिंटन कोच; मिस प्रिया, कबड्डी कोच; श्री बचित्तर सिंह, वॉलीबॉल कोच; श्री हरप्रीत सिंह, किक बॉक्सिंग कोच; श्रीमती हरशदीप कौर, वेटलिफ्टिंग कोच; श्री हरीश बावा, हॉकी कोच (स्पोर्ट्स नर्सरी) तथा मिस अमनदीप कौर, हॉकी कोच (स्पोर्ट्स नर्सरी) शामिल हैं।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि यदि किसी खिलाड़ी को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान या किसी तकनीकी कारण से किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो वह गठित समिति से जिला खेल अधिकारी कार्यालय, संगरूर में संपर्क कर सकता है। इसके अलावा खिलाड़ी कार्यालय में आकर अपनी रजिस्ट्रेशन भी करवा सकते हैं।
गठित समिति द्वारा नियमों के अनुसार खिलाड़ियों की समस्याओं का तुरंत समाधान कर आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
अंत में जिला खेल अधिकारी संगरूर ने खिलाड़ियों, कोचों, खेल संस्थाओं, स्कूलों और कॉलेजों से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें।






