पिपली से गूंजी देशभक्ति की गूंज, मुख्यमंत्री सैनी ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी
12 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में देशभक्ति के जज्बे को समर्पित राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के पिपली से यात्रा का शुभारंभ किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन, नए बस स्टैंड और द्रोणाचार्य स्टेडियम होते हुए मिनी सचिवालय परिसर स्थित शहीद स्मारक तक पहुंची। यहां मुख्यमंत्री ने देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, सैनिकों के साहस, माताओं की तपस्या, किसानों के परिश्रम और युवाओं की आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पहले तिरंगा मुख्य रूप से सरकारी भवनों तक सीमित दिखाई देता था, लेकिन आज यह देश के हर घर, दुकान, गली और नागरिक के मन में सम्मान के साथ लहरा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सांसद नवीन जिंदल ने शहीद स्मारक परिसर में पौधारोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से राष्ट्रप्रेम और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, चेयरमैन सुभाष कलसाना सहित भाजपा नेता जय भगवान, डी.डी. शर्मा, रविंद्र सांगवान, अवनीत वड़ैच, रवि बतान और धर्मवीर मिर्जापुर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






