अक्षय कुमार की ‘समुक’ को लेकर बड़ा अपडेट, इस दिन से लंदन में शुरू होगी शूटिंग
12 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। अलग-अलग तरह के किरदारों और कहानियों के साथ प्रयोग कर रहे अक्षय अब एक साइंस-फिक्शन एलियन थ्रिलर में नजर आने वाले हैं। उनकी फिल्म ‘समुक’ को लेकर अब शूटिंग से जुड़ा अहम अपडेट सामने आया है।रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षय कुमार की ‘समुक’ की शूटिंग 23 अगस्त से लंदन में शुरू होने वाली है। फिल्म का बड़ा हिस्सा ब्रिटेन में ही फिल्माया जाएगा। बताया जा रहा है कि करीब 90 फीसदी शूटिंग लंदन में होगी, जबकि बाकी हिस्से को मुंबई में शूट किया जाएगा।
मेकर्स फिल्म की शूटिंग को एक लंबे और लगातार चलने वाले शेड्यूल में पूरा करने की तैयारी में हैं। फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह कर रहे हैं। अक्षय कुमार और विपुल शाह की जोड़ी इससे पहले आंखें, वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम, नमस्ते लंदन, सिंह इज किंग और एक्शन रिप्ले जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है।
‘समुक’ को लेकर खास बात इसका एलियन और साइंस-फिक्शन बैकड्रॉप है। फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर तैयार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय तकनीकी विशेषज्ञों को भी टीम में शामिल किया गया है। फिल्म के क्रिएचर इफेक्ट्स पर एलेक गिलिस और एक्शन से जुड़े काम के लिए ल्यूक टंबर जैसे विशेषज्ञों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में फिल्म में विजुअल इफेक्ट्स और एक्शन का स्तर काफी खास होने की उम्मीद की जा रही है।
इन फिल्मों में भी दिखेंगे अक्षय
‘समुक’ के अलावा अक्षय कुमार के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। अभिनेता जल्द ही ‘हैवान’ में नजर आएंगे, जिसमें उनका किरदार पहले की फिल्मों से काफी अलग बताया जा रहा है। इसके साथ ही गोलमाल 5 और आर.डी. बर्मन की बायोपिक को लेकर भी उनका नाम चर्चा में है।
अब देखने वाली बात होगी कि अक्षय कुमार की ‘समुक’ भारतीय दर्शकों के सामने एलियन और साइंस-फिक्शन की कहानी को किस नए अंदाज में पेश करती है।






