पटियाला, 12 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): जिला शिक्षा अधिकारी (से.शि.) पटियाला शालू मेहरा के दिशा-निर्देशों तथा डिप्टी डीईओ सेकेंडरी पटियाला डॉ. रविंदरपाल सिंह की देखरेख में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिविल लाइन, पटियाला में जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ‘एच.आई.वी/एड्स के उन्मूलन के लिए युवाओं को सशक्त बनाना: जागरूकता, रोकथाम और सहानुभूति’ था। प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक ब्लॉक से दो विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
जिला राष्ट्रीय जनसंख्या कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर हेड मास्टर जगमीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंसूरपुर के विद्यार्थी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल वजीदपुर ने दूसरा तथा पी.एम. श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल काहन सिंह नाभा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा सरकारी हाई स्कूल रामगढ़ मोती बाग और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुनागरा को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने इससे पहले ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विजेता विद्यार्थियों को डाइट के प्रिंसिपल संदीप नागर और डिप्टी डीईओ सेकेंडरी पटियाला डॉ. रविंदरपाल शर्मा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। डॉ. रविंदरपाल सिंह, डिप्टी डीईओ पटियाला ने कहा कि युवाओं को एचआईवी/एड्स के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी देना समय की आवश्यकता है। जिला स्तरीय विजेताओं को 12 अगस्त को पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला में माननीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री पंजाब डॉ. बलबीर सिंह द्वारा भी सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रिंसिपल सीमा उप्पल, स.स.स.स. सिविल लाइन, हेड मास्टर ललित कुमार, स.ह.स. रणबीरपुरा, लेक्चरर राम लाल, बीआरसी हिमांशु अग्रवाल, बीआरसी युवराज, लेक्चरर रविकांत, लेक्चरर हरमनदीप कौर, लेक्चरर राजवीर कौर, साइंस मिस्ट्रेस गगनदीप कौर तथा प्रेस इंचार्ज जसविंदर सिंह उपस्थित रहे।






