Thursday, August 27, 2026
HomePunjab16 अगस्त को जिले के 573 मतदान केंद्रों पर लगाए जाएंगे विशेष...

16 अगस्त को जिले के 573 मतदान केंद्रों पर लगाए जाएंगे विशेष कैंप

फतेहगढ़ साहिब, 13 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के आधार पर जिला फतेहगढ़ साहिब के अंतर्गत आने वाले तीन विधानसभा चुनाव क्षेत्रों 054 बस्सी पठाना (अ.जा.), 055 फतेहगढ़ साहिब और 056 अमलोह के मतदान केंद्रों पर फोटो मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा रहा है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी डॉ. सोना थिंद ने फोटो मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट प्रकाशन को लेकर राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठक के दौरान दी।
बैठक में जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दौरान एन्यूमरेशन फॉर्मों को डिजिटलाइज करने के बाद जिले में कुल 4,21,641 मतदाता रह गए हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर-2026 की आगामी प्रक्रिया, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन, दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सारणी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावों एवं आपत्तियों के निपटारे से संबंधित नोटिस 13 अगस्त से 8 अक्टूबर तक जारी किए जाएंगे और 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी 573 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। कैंप के दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची लेकर बैठेंगे, ताकि आम जनता और मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकें।
उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वह अपना वोट बनवा सकता है। मतदाता सूची में नए पंजीकरण के लिए फॉर्म नंबर 6, प्रवासी भारतीय मतदाता (एनआरआई) के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म नंबर 6ए, किसी नाम पर आपत्ति या नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर 7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन या निवास स्थान बदलने के कारण पता बदलने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।
ये फॉर्म चुनाव तहसीलदार, फतेहगढ़ साहिब के कार्यालय, संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-कम-उपमंडल मजिस्ट्रेट के कार्यालय या संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा करवाए जा सकते हैं। इसके अलावा फॉर्म भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.nvsp.in या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को ड्राफ्ट मतदाता सूची के बारे में पूरी जानकारी दें और कोई भी गलत दावा या आपत्ति प्रस्तुत न करें। राजनीतिक दलों की ओर से प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों की सूची 13 अगस्त 2026 से प्रतिदिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। इसकी हस्तलिखित प्रति संबंधित ईआरओ कार्यालय द्वारा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
बैठक में तहसीलदार चुनाव निर्मला रानी, आम आदमी पार्टी से संदीप सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस से अशोक गौतम, भारतीय जनता पार्टी से हरीश अग्रवाल, शिरोमणि अकाली दल से मनजीत सिंह, बहुजन समाज पार्टी से नाहर सिंह तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments