16 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन तथा भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने जिला सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सहित अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण देश को वर्ष 1947 में अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली।
उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी, जिसे देश ने पिछले आठ दशकों में और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगा दी थी।
देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सरकार ने हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा भी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्यों में शामिल है।






