16 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): फतेहाबाद के स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और शानदार ढंग से मनाया गया। समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।
इससे पहले मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने मिनी सचिवालय के पास स्थित शहीदी स्मारक पर अमर वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कैबिनेट मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह त्योहार हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि इन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है।
उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को भी विशेष रूप से नमन किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे सैनिक तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने उन सभी वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब भारत की अस्मिता को चुनौती दी गई है, हमारे सैनिकों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है।






