Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaमुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नेगोशिएशन कर तय दरों से कम...

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नेगोशिएशन कर तय दरों से कम कीमत पर खरीद को दी मंजूरी

हरियाणा, 18 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को हरियाणा निवास में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिजली निगमों हेतु 26,161 ट्रांसफार्मरों की खरीद को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही प्रदेश में कार्यरत लाइनमैन और सहायक लाइनमैन की सुरक्षा के लिए 5,000 से 7,500 टी.एंड.पी किट खरीदने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।.बैठक में शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी ने विभिन्न बिजली घरों में जी.आई.एस-बे के निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने विशेष बातचीत करते हुए ट्रांसफार्मरों, सुरक्षा किटों की खरीद और जीआईएस-बे निर्माण के लिए निर्धारित दरों से कम कीमत पर फर्मों के साथ सहमति बनाई।

एचपीपीसी की बैठक में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 11 केवी/433-250 वोल्ट, 400 केवीए क्षमता वाले 100 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर, एच.वी.पी.एन.एल. के लिए 40/50 एमवीए, 132/33 केवी के 28 पावर ट्रांसफार्मर तथा 25/33.5 एमवीए, 66/11 केवी के 33 पावर ट्रांसफार्मरों की खरीद को मंजूरी दी गई। इसके अलावा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 100 केवीए क्षमता वाले 26,000 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर खरीदे जाएंगे। इसके अतिरिक्त दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में कार्यरत लाइनमैन तथा सहायक लाइनमैन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार पहली बार 5,000 से 7,500 विशेष टीएंडपी किट खरीदेगी। प्रत्येक किट में 14 सुरक्षा उपकरण शामिल होंगे।

हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी ने विभिन्न बिजली घरों में 81 करोड़ रुपये की लागत से जीआईएस-बे के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास है कि जहां आवश्यकता हो, वहां पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाए जाएं और आपात स्थिति के लिए सभी बिजली निगमों के पास पर्याप्त बैकअप मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि बिजली निगमों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश के लिए ट्रांसफार्मरों और सुरक्षा किटों की खरीद को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी गई है। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग, हरियाणा पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सूचना, जनसंपर्क और भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव श्री विक्रम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments