चंडीगढ़, 19 अगस्त,2026 (छत्रपाल सिंह): मानसून के मौसम में पशुओं में तेजी से फैलने वाली गलघोंटू (एच.एस.) बीमारी की रोकथाम के लिए पंजाब सरकार ने राज्यभर में टीकाकरण अभियान को और तेज कर दिया है। सरकार ने 30 जुलाई तक 57.70 लाख गायों और भैंसों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि अब तक 16.49 लाख पशुओं को वैक्सीन दी जा चुकी है।
पशुपालन विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष पशुओं का टीकाकरण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को समय पर नजदीकी सरकारी पशु चिकित्सालय या डिस्पेंसरी में ले जाकर टीका जरूर लगवाएं। विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान बीमारी के तेजी से फैलने की आशंका रहती है, ऐसे में समय पर टीकाकरण पशुओं की सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभाग ने वैक्सीन की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु कोल्ड-चेन व्यवस्था को मजबूत किया है। इसके अलावा सामान्य और बाढ़ प्रभावित इलाकों में तेजी से टीकाकरण करने के लिए विशेष रैपिड रिस्पांस टीमें भी मैदान में उतारी गई हैं।
प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को हर गांव तक पहुंचाया जाए और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए। सरकार का उद्देश्य मानसून के दौरान पशुधन को गलघोंटू बीमारी से सुरक्षित रखते हुए पशुपालकों को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाना है।






